पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश, आरोपी पति गिरफ्तार

Husband arrested for murdering wife and trying to make it look like suicide

धमतरी, 07 सितम्बर 2026 भखारा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त नायलॉन की रस्सी भी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, भखारा थाने में मर्ग क्रमांक 47/2026 की जांच के दौरान मृतका वीणा ध्रुव की मौत संदिग्ध पाए जाने पर परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु की प्रकृति मानववध (Homicidal) बताई। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि 4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पत्नी के मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने की बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आरोपी ने कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।

आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद घटना को छिपाने और आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके कमरे में बिस्तर के नीचे से हत्या में प्रयुक्त नायलॉन की रस्सी बरामद कर जब्त की।

मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विवेक ध्रुव उर्फ गोलू, पिता राजकुमार ध्रुव, निवासी सुपैला, थाना भखारा, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में भखारा पुलिस की इस कार्रवाई में वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित विवेचना के जरिए संदिग्ध मौत के मामले में हत्या का राज सामने आया।