बिलासपुर। सोशल मीडिया पर रौब जमाने और दहशत फैलाने के लिए हथियारों के साथ रील बनाने वाले रीलबाजों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। सकरी थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर धारदार चाकू लहराते हुए डांस करने वाले दो शातिर युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो नग धारदार चाकू भी बरामद कर लिए हैं।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था वीडियो
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 06 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के ‘Youth Times Digital Media’ पेज पर एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में दो युवक हाथ में नंगी तलवार जैसे धारदार चाकू लहराकर फिल्मी गानों पर डांस करते हुए आम जनता में खौफ पैदा कर रहे थे। वीडियो सामने आते ही सकरी थाना प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप-पुलिस महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।
बंधवापारा में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बंधवापारा सकरी में दबिश देकर वीडियो में दिख रहे दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सुनील पाल उर्फ बुट्टी (20 वर्ष, निवासी बजरंग मोहल्ला, वार्ड नंबर 01, सकरी) और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू (20 वर्ष, निवासी बंधवापारा, सकरी) के रूप में हुई। पुलिस द्वारा लिए गए मेमोरेण्डम कथन में दोनों आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर चाकू लहराने का जुर्म कबूल कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
सकरी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 822/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस ने दोनों के पास से अवैध रूप से रखे 02 नग धारदार चाकू जब्त किए हैं। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें विधिवत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बिलासपुर पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।







