कोरबा। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, कोरबा में भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक श्री शत्रुघ्न बेहरा एवं श्री विजय कुमार गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत, नृत्य एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षा के महत्व पर विचार भी प्रस्तुत किए।

समारोह का विशेष आकर्षण विद्यालय के पूर्व सत्रों में उत्तीर्ण प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान रहा। विद्यालय से उत्तीर्ण ऐसे पूर्व विद्यार्थियों, जिन्होंने अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के बल पर नीट एवं जेईई जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चयन हासिल किया है, को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें विद्यालय एवं वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षकों की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया। उन्होंने सफल पूर्व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







