शराब पीने से मना किया तो पत्नी को हथौड़े से पीटा, आरोपी पति गिरफ्तार…

Husband beats wife with hammer for refusing to drink alcohol, accused husband arrested

धमतरी, 04 सितंबर। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पत्नी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शराब पीने से मना करने पर गुस्साए पति ने अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से कई वार कर दिए, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामला ग्राम भैंसमुंडी का है। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की रात आरोपी चम्मन लाल साहू (36 वर्ष) शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। इस दौरान शराब पीने की बात को लेकर उसका अपनी पत्नी किरण साहू से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पत्नी ने पति को शराब पीने से मना किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने विवाद बढ़ा दिया और गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया।

आरोपी ने महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल महिला की हालत देखकर परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद मगरलोड पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। SP धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर थाना मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके का नक्शा तैयार किया। इसके अलावा पीड़ित महिला और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। घायल महिला का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। पुलिस टीम ने आरोपी चम्मन लाल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का हथौड़ा बरामद किया। पुलिस ने हथौड़े समेत घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए मामले मेंत्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा और आपराधिक घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरेलू विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। किसी भी तरह की हिंसा या अपराध की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।