कोरबा में सास की आत्महत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, सुसाइड वीडियो और बयानों के आधार पर बहू पूर्णिमा और उसके माता-पिता गिरफ्तार

Major action taken in Korba mother-in-law's suicide case; daughter-in-law Purnima and her parents arrested based on suicide video and statements.

कोरबा। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लक्ष्मण तालाब इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका की पहचान लक्ष्मी बाई मानिकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका की बहू पूर्णिमा महंत, समधी मिलन दास और समधन सुमेरन बाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दीवार पर लिखा सुसाइड नोट और बहनों को भेजा वीडियो
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 27 अगस्त की है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान घटनास्थल पर पुलिस को दीवार पर लिखा हुआ एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतिका ने अपनी बहू और उसके मायके वालों द्वारा लगातार परेशान किए जाने का जिक्र किया था। इसके अलावा यह भी बात सामने आई कि आत्महत्या करने से ठीक पहले मृतिका ने अपनी बहनों को एक वीडियो बनाकर भेजा था, जिसमें उसने अपनी प्रताड़ना की कहानी बयां की थी। पुलिस ने इस वीडियो को विधिवत जब्त कर लिया है।

पहले भी कर चुकी थी जान देने की कोशिश
परिजनों और बहनों के बयानों से खुलासा हुआ है कि मृतिका के पति की पहले मौत हो चुकी थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी और वह वर्तमान पति व बच्चों के साथ रह रही थी। बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग लगातार लक्ष्मी बाई पर घर से बाहर निकलने का दबाव बना रहे थे और आए दिन विवाद करते थे। प्रताड़ना इस हद तक बढ़ चुकी थी कि मृतिका ने पूर्व में भी जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की थी।

साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज

कोतवाली पुलिस ने सुसाइड नोट, वीडियो और परिजनों के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध साबित होने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत अपराध क्रमांक 724/2026 दर्ज किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों पूर्णिमा महंत (24 वर्ष), सुमेरन बाई (45 वर्ष) और मिलन दास (55 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।