कटघोरा नेशनल हाईवे पर दंतैल का तांडव: हॉर्न बजाने से भड़का गजराज, डीजल टैंकर को दौड़ाया; कूदकर भागे ड्राइवर

Tusker rampage on Katghora National Highway: Enraged by honking, elephant runs over diesel tanker; driver jumps and flees

कोरबा/ कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथी का हिंसक रूप देखने को मिला है। कटघोरा नेशनल हाईवे पर एक दंतैल हाथी ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान सामने आए एक डीजल टैंकर को हाथी ने करीब आधा किलोमीटर तक पीछे खदेड़ दिया। हादसे के वक्त टैंकर का पहिया गड्ढे में फंस गया, जिसके बाद ड्राइवर और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाई और गाड़ी से कूदकर भागते हुए अपनी जान बचाई।

हॉर्न की आवाज सुनते ही भड़का हाथी
मिली जानकारी के अनुसार, कटघोरा वन मंडल के राष्ट्रीय राजमार्ग से एक विशालकाय दंतैल हाथी सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डीजल टैंकर के चालक ने हाथी को देखकर जोर-जोर से हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। हॉर्न की तीखी आवाज सुनते ही हाथी अचानक भड़क गया और उसने आक्रामक होकर टैंकर की तरफ दौड़ लगा दी।

बैक करते समय गड्ढे में फंसा टैंकर
हाथी को अपनी ओर आते देख ड्राइवर के होश उड़ गए। उसने आनन-फानन में टैंकर को रिवर्स (बैक) कर भागने की कोशिश की। लेकिन इसी हड़बड़ाहट में टैंकर का एक पहिया सड़क किनारे गड्ढे में जा फंसा और वाहन वहीं रुक गया। हाथी को बिल्कुल नजदीक आता देख ड्राइवर और क्लीनर बिना एक पल गंवाए केबिन का दरवाजा खोलकर बाहर कूदे और जंगल की तरफ भाग निकले।

आधे घंटे तक हाईवे पर लगा रहा लंबा जाम
इस खौफनाक मंजर को देखकर हाईवे के दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए। हाथी काफी देर तक टैंकर के आसपास मंडराता रहा और बीच सड़क पर डटा रहा। इस वजह से नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को सड़क से खदेड़कर जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। वन विभाग ने राहगीरों से अपील की है कि हाथी दिखने पर संयम बरतें और हॉर्न या तेज लाइट का प्रयोग बिल्कुल न करें।