जांजगीर-चांपा, 22 अगस्त 2026। जिले के पामगढ़ थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे महज छह दिनों के भीतर खोज निकाला है। पुलिस ने मामले में आरोपी देवेंद्र जांगड़े (25 वर्ष), निवासी नेवराबंद, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने, शादी का झांसा देने और उसके साथ अनाचार करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की शिकायत पर 15 अगस्त 2026 को थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 334/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ पुलिस ने नाबालिग की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी देवेंद्र जांगड़े को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर ले जाने और शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2)(एम), 65(1), 87 तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद महार, महिला प्रधान आरक्षक मंजू सिंह तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल और बेदराम पटेल का सराहनीय योगदान रहा। पामगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नाबालिग बालिका को छह दिनों के भीतर खोजने में सफलता मिली। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।







