कोरबा। साइबर जागरूकता अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद स्कूल, सीतामढ़ी, कोरबा में विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना प्रभारी ललित कुमार चंद्रा एवं साइबर टीम द्वारा विद्यार्थियों को साइबर क्राइम के विभिन्न प्रकार, साइबर फ्रॉड के तरीके तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
साथ ही फिशिंग, फर्जी कस्टमर केयर, KYC अपडेट, QR कोड फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश, लोन फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए साइबर अपराध की सूचना देने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सजग एवं सतर्क बनाना तथा उन्हें स्वयं एवं अपने परिवार को ऑनलाइन फ्रॉड से सुरक्षित रखने के लिए जागरूक करना रहा।
कोरबा पुलिस की अपील —
“सजग रहें, सतर्क रहें और साइबर अपराध से सुरक्षित रहें।”































