दामाद का खौफनाक चेहरा,विवाद में ससुर को बेरहमी से पीटा, बेटी ने भी दिया साथ फिर गमछे से घोंटा गला,

The terrifying face of the son-in-law, brutally beat the father-in-law in a dispute, the daughter also supported him, then strangled him with a towel.

अंबिकापुर 16 जुलाई 2026। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एक बाइक की किस्त को लेकर हुए विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। आरोप है कि दामाद और बेटी ने मिलकर 55 वर्षीय ससुर की मारपीट के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक लोहर साय (55) 14 जुलाई की शाम अपने घर पर थे। इसी दौरान उनकी बेटी सोनकुंवारी और दामाद बंधन राम के साथ बाइक की किस्त चुकाने को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई। 

दामाद ने लोहर साय को जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि बेटी सोनकुंवारी ने भी अपने पति का साथ दिया। मारपीट से अचेत होने के बाद दोनों ने गमछे से उनका गला घोंट दिया। इससे लोहर साय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और शव को घर की परछी में छोड़ दिया।

ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। 15 जुलाई की सुबह बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले। उनके गले में गमछा बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई। मौके का निरीक्षण करते समय पुलिस ने दीवार पर खून के छींटों के निशान भी देखे। इन निशानों को गोबर से लिपाई कर मिटाने का प्रयास किया गया था। इसे साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश माना जा रहा है।

पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शांतिपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बतौली पुलिस ने आरोपी दामाद बंधन राम और बेटी सोनकुंवारी को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।