कोयला लदे ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को रौंदा, पिता-पुत्र की मौत, मां की हालत गंभीर

Tragic road accident in Pendra: Uncontrolled coal-laden trailer crushes family riding scooter, father and son killed, mother in critical condition

पेण्ड्रा, 15 जुलाई 2026 /गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेण्ड्रा नगर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मुख्य मार्ग स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार पिता और उनके 14 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार पेण्ड्रा थाना क्षेत्र के कुड़कई गांव का निवासी था। मंगलवार को तेरस भरिया (35), उनकी पत्नी और पुत्र राजू भरिया (14) स्कूटी से गांव से पेण्ड्रा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान राय पेट्रोल पंप के पास सामने से एक भारी वाहन आ रहा था। उसी समय पीछे से आ रहे कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। तेज गति और लापरवाही के कारण ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना डायल-112 और पुलिस को दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तेरस भरिया और उनके पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर ट्रेलर को रोक लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पेण्ड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में

लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पेण्ड्रा क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार, लापरवाह ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, लेकिन उनकी गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने, भारी वाहनों की गति सीमित करने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। वहीं पिता-पुत्र की मौत से कुड़कई गांव में शोक का माहौल है। परिवार और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।