कोरबा, 15 जुलाई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा में नई सरकार के 16 माह के कार्यकाल के दौरान शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को नई गति मिली है। महापौर संजू देवी राजपूत ने बुधवार को पंचवटी स्थित कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर निगम की उपलब्धियों और आगामी विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन तथा निगम आयुक्त आशुतोष पांडे के नेतृत्व में शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
महापौर ने बताया कि पिछले 16 महीनों में निगम ने 76 विकास कार्य पूर्ण किए हैं, जबकि 149 कार्य प्रगति पर हैं और 209 नए विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। शहर की प्रमुख सड़कों के उन्नयन के तहत कोसाबाड़ी से घंटाघर और घंटाघर से सीएसईबी चौक होते हुए सुनालिया पावर हाउस रोड तक लगभग ₹22 करोड़ की लागत से डामरीकरण का टेंडर हो चुका है। वर्षा समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा ने राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शहर के पुराने कचरा डंपिंग स्थलों को समाप्त कर वहां छोटे-छोटे उद्यान विकसित किए गए हैं। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 80 ई-रिक्शा और दो आधुनिक मोबाइल टॉयलेट शामिल किए गए हैं तथा 55 हजार घरों में डस्टबिन वितरण की तैयारी की जा रही है। वहीं, गीले कचरे से बायोगैस उत्पादन के लिए छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल और गेल इंडिया के बीच एमओयू हो चुका है। शहर के सभी 16 एसएलआरएम सेंटरों का लगभग ₹8 करोड़ की लागत से उन्नयन किया जा रहा है।







