कोरबा 1 जुलाई 2026। कोरबा के छुरी में एक ज्वैलर्स दुकान में तीन नकाबपोश बदमाशों ने लूट का प्रयास किया,दिनदहाड़े ज्वेलर्स दुकान में हथियारबंद लुटेरों ने लूट की कोशिश कर सनसनी फैला दी। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी बाजार स्थित राज ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे। इनमें से एक आरोपी युवती के वेश में सलवार-सूट पहनकर आया था,बदमाशों ने कट्टे और चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार की बहादुरी के चलते वे अपना देसी कट्टा और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर राज ज्वैलर्स की दुकान में दाखिल हुए। गिरोह का एक सदस्य अपनी पहचान छिपाने के लिए महिला की वेशभूषा में पहुंचा था। उस समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। बदमाशों ने पहले सोने की अंगूठी दिखाने को कहा और जैसे ही कर्मचारी जेवर दिखाने लगे, उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया।
मिर्ची पाउडर डालने के बाद बदमाशों ने कट्टे और चाकू की नोक पर दुकान में रखे जेवरात समेटने शुरू कर दिए। इसी दौरान दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। खुद को घिरता देख एक आरोपी ने राजकुमार अग्रवाल के हाथ पर दांत से काट लिया। संचालक के विरोध और शोर-शराबे से घबराकर बदमाश अपना कट्टा और प्लैटिना बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले। जल्दबाजी में वे असली जेवर समझकर दुकान में रखी कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी ही अपने साथ ले जा सके।
भागते समय सामने मौजूद एक अन्य दुकानदार ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस पर लुटेरों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत कटघोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं, जिनमें आरोपियों की पूरी करतूत कैद है। फिलहाल पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।







