विद्युत कम्पनी में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर ऐतिहासिक एकजुटता

Historic unity regarding restoration of old pension in the power company

विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली अधिकार मंच’ का गठन

12 संगठनों के 72 प्रतिनिधियों ने लिया निर्णायक संघर्ष का संकल्प

रायपुर 27 जून 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी में वर्ष 2004 के बाद नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आज रायपुर स्थित सिमरन होटल के कॉन्फ्रेंस हॉल में कंपनी के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों की एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से “विद्युत अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली अधिकार मंच” का गठन किया गया। उपस्थित सभी संगठनों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि पुरानी पेंशन बहाली की एक सूत्रीय मांग को लेकर अंतिम निर्णय तक संयुक्त एवं चरणबद्ध संघर्ष किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिकार मंच के संचालन एवं आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए सभी 12 संगठनों से दो-दो प्रतिनिधियों की समिति गठित की जाएगी, जिसमें एक प्रतिनिधि का NPS धारक कर्मचारी होना अनिवार्य रहेगा। समिति की अगली बैठक आगामी सप्ताह आयोजित होगी, जिसमें आंदोलन की विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि 6 अक्टूबर 2023 को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा पुरानी पेंशन योजना लागू करने संबंधी दी गई सैद्धांतिक सहमति के आधार पर कंपनी प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी कराने हेतु मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही अधिकार मंच के माध्यम से प्रांतीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन, जनजागरण अभियान एवं संघर्ष कार्यक्रमों की रूपरेखा भी निर्धारित की जाएगी।

बैठक में अभियंता संघ की ओर से मनोज वर्मा एवं प्रतीक शुक्ला, पत्रोपाधी संघ से श्रीकांत बड़गैया, फेडरेशन-01 से आर.सी. चेट्टी एवं सुरेंद्र शुक्ला, जनता यूनियन से अनिल द्विवेदी एवं अजय बाबर, बिजली कर्मचारी महासंघ से संजय तिवारी एवं नवरतन बरेठ, विद्युत कर्मचारी संघ (इंटक-56) से एन.पी. मिश्रा एवं राम इकबाल, आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ से आर.एल. ध्रुव एवं हर्षवर्धन पाटले, तकनीकी कर्मचारी एकता यूनियन से जितेंद्र मालाकार एवं श्रीकांत सिंह ठाकुर, तकनीकी कर्मचारी संघ से जीतराम खूंटे एवं नरेश भास्कर, डॉक्टर्स एसोसिएशन से डॉ. निलेश सिंह, कर्मचारी ऑफिसर्स एसोसिएशन से गोपाल गोहिल तथा कार्यालयीन कर्मचारी संघ बस्तर से धर्मेंद्र देवांगन एवं योगेंद्र कश्यप सहित सभी संगठनों के कुल 72 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का सफल संचालन शब्बीर मेमन द्वारा किया गया। सभी प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारी-कर्मचारियों की यह अभूतपूर्व एकजुटता पुरानी पेंशन बहाली के संघर्ष को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी।