बिलासपुर, 20 अक्टूबर। विजयादशमी के पावन अवसर पर आज रक्षित आरक्षी केंद्र (पुलिस लाइन) बिलासपुर में पारंपरिक शस्त्र पूजन समारोह पूरी भव्यता और धार्मिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) श्री रजनेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य यजमान के रूप में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा और शस्त्रों की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान बिलासपुर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बिलासपुर का संकल्प
समारोह के लिए शस्त्रों को आकर्षक ढंग से सुसज्जित कर माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा अर्चना के बाद एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने जिले में शांति, सुरक्षा, आपसी भाईचारे और एकता की कामना की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर पुलिस जिले को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कुम्हड़े की बलि और इंसास राइफल से हर्ष फायर
पुरानी परंपराओं का निर्वहन करते हुए एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने कुम्हड़े (रखिया) की प्रतीकात्मक बलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने देवी-देवताओं और छत्तीसगढ़ पुलिस का जयघोष कर जवानों में कर्तव्यनिष्ठा का संचार किया। पूजन संपन्न होने के बाद परंपरा के अनुसार श्री सिंह ने इंसास (INSAS) राइफल से हवाई राउंड फायर किया। उनके बाद अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी एक-एक कर हवाई फायर (हर्ष फायर) किए। शस्त्र पूजा के उपरांत पुलिस लाइन में खड़े शासकीय वाहनों का भी तिलक और आरती लगाकर विधिवत पूजन किया गया।
थाने-थाने में हुआ आयोजन
पुलिस लाइन के साथ-साथ जिले के सभी थानों में भी थाना प्रभारियों की अगुवाई में शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों को प्रसाद वितरित किया गया। एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने मीडिया के माध्यम से समस्त जिलेवासियों एवं पुलिस परिवार को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह में ये रहे उपस्थित
इस भव्य आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) श्रीमती मंजुलता केरकेट्टा, नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार, नगर पुलिस अधीक्षक (सरकंडा) तिलेश्वर यादव, एसडीओपी (कोटा) श्रीमती नूपुर उपाध्याय, नगर पुलिस अधीक्षक (चकरभाठा) राजेश जोशी, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) शिवचरण सिंह परिहार, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता सहित भारी संख्या में सूबेदार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक, नव आरक्षक और पुलिसकर्मी उपस्थित थे।










