जांजगीर-चांपा, 18 जून 2026 । जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने सूनेपन का फायदा उठाकर महिला के साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ की थी। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को पीड़िता ने थाना बिर्रा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि बोरसी निवासी राजेश चन्द्रा (26 वर्ष) ने सूनेपन का फायदा उठाकर उसके साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ की। महिला द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत मिलने के बाद बिर्रा थाना पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश चन्द्रा को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शामेश देव, प्रधान आरक्षक गौतम पाण्डे तथा आरक्षक लक्ष्मी कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।








