नन्ही कथक नृत्यांगना नेहल साहू ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, तरंग 2026 में हासिल किया द्वितीय स्थान

Young Kathak dancer Neha Sahu shines on the national stage, secures second place in Tarang 2026

कोरबा। कोरबा की प्रतिभाशाली कथक नृत्यांगना नेहल साहू ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता “तरंग 2026” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 4 से 7 जून तक देहरादून (उत्तराखंड) में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में नृत्य, संगीत एवं ललित कला की विभिन्न विधाओं में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कोरबा डीएवी स्कूल की छात्रा नेहल साहू ने अपनी मनमोहक कथक प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
नेहल ने अपनी आकर्षक अभिव्यक्ति, उत्कृष्ट ताल-लय और सधे हुए नृत्य कौशल के बल पर यह उपलब्धि प्राप्त की। उनकी प्रस्तुति को प्रतियोगिता में विशेष सराहना मिली। इस सफलता के साथ उन्होंने न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे कोरबा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।


नेहल साहू पूर्व में भी विभिन्न सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कई पुरस्कार और सम्मान अर्जित कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
नेहल की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता पिता श्री रामकुमार साहू एवं माता श्रीमती अहिल्या साहू का विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने सदैव उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। परिवार के सहयोग, और विशेष रूप से उनकी नृत्य गुरु प्रीति चंद्रा के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
नेहल साहू की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, गुरुजनों, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की