ब्वायफ्रेंड की शादी हुई तय, तो गुस्साई गर्लफ्रेंड चढ़ गयी मोबाइल टावर पर तीन घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा…

When her boyfriend's wedding was fixed, her angry girlfriend climbed a mobile tower, leading to a high-voltage drama that lasted for three hours.

जशपुर 17 जून 2026। जिले के तुमला थाना क्षेत्र के गंजियाडीह गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती के टॉवर पर चढ़ने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि कोल्हनझरिया गांव की रहने वाली युवती अपने कथित प्रेमी की शादी तय होने से नाराज थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर वह गांव स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती करीब तीन घंटे से अधिक समय तक टॉवर पर मौजूद रही, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने युवती को टॉवर पर चढ़ा देखा तो तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीण लगातार युवती को समझाने में जुटे रहे। अधिकारियों ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारना प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। टॉवर के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेर लिया।

फिलहाल पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी है। मामले को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।