जांजगीर-चांपा में डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़: बलौदा पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, स्कॉर्पियो समेत 13 लाख से अधिक का माल जब्त

Diesel theft gang busted in Janjgir-Champa: Baloda police nabbed 3 accused, seized goods worth over 13 lakhs including Scorpio

जांजगीर-चांपा, 31 मई 2026/ जांजगीर-चांपा जिले की बलौदा पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 175 लीटर डीजल, घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन, जेरिकेन तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 13 लाख 17 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा रात के अंधेरे में सड़कों किनारे खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाकर उनकी डीजल टंकियों का ताला तोड़कर ईंधन चोरी किया जाता था। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी प्रकाश कुमार राठौर, निवासी खिसोरा ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका हाइवा वाहन क्रमांक CG 02 BM 0966 नवागांव घाट से हरदीबाजार की ओर जा रहा था। 31 मई की रात लगभग 1 बजे चालक बीकेश चौहान ने वाहन को खिसोरा-उमरेली तालाब स्थित भारतमाला रोड के पास खड़ा किया था।

इसी दौरान स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 16 BN 5176 में सवार तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और हाइवा की डीजल टंकी का ताला तोड़कर जेरिकेन में डीजल भरने लगे। चालक की नींद खुलने और उसके द्वारा शोर मचाने पर आरोपी डीजल लेकर मौके से फरार हो गए। बाद में टंकी की जांच करने पर 175 लीटर डीजल चोरी होना पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 17 हजार 500 रुपये बताई गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना बलौदा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने डीजल चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में तेजू पनिका (31 वर्ष) निवासी जमगहना थाना पटना जिला कोरिया, दिनेश कुमार केंवट (22 वर्ष) निवासी रसौटा थाना बलौदा तथा मनोज कुमार मिरी (37 वर्ष) निवासी कोरबी थाना बलौदा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 175 लीटर डीजल, महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन, दो जेरिकेन, लोहे की रॉड और पेचकस बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, प्रहलाद निर्मलकर, राघवेन्द्र सिंह, रोहित साहू, बृजपाल बर्मन, टिकेश्वर राठौर, संतोष रात्रे, संदीप सोनंत तथा महिला आरक्षक रुखमणी निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।