बिलासपुर में चलती स्कॉर्पियो पर केक काटकर आतिशबाजी करना पड़ा भारी, पुलिस ने वाहन किया जब्त

In Bilaspur, cutting a cake and bursting firecrackers on a moving Scorpio proved costly; the police seized the vehicle.

इंस्टाग्राम वीडियो वायरल होने के बाद कोनी पुलिस की कार्रवाई, चालक और महिला मित्र के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी

बिलासपुर, 29 मई 2026/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चलती स्कॉर्पियो वाहन के ऊपर केक काटकर आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में पुलिस ने काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 को जब्त कर लिया है।

    पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड का है। दिनांक 24 मई 2026 की रात वाहन चालक अरविंद सैनी (31 वर्ष), निवासी कुदुदंड बिलासपुर, अपनी महिला मित्र के साथ स्कॉर्पियो वाहन में तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार की छत पर केक काट रहा था। इस दौरान पटाखे जलाकर आतिशबाजी भी की गई, जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया।

    वीडियो सामने आने के बाद कोनी पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और वाहन की पहचान कर उसे पकड़कर थाना कोनी लाया गया। पूछताछ में चालक अरविंद सैनी ने घटना को स्वीकार किया।

    पुलिस का कहना है कि चलती गाड़ी पर इस तरह का स्टंट करना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है। थाना कोनी द्वारा वाहन चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

    सोशल मीडिया स्टंट बना मुसीबत

    हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए युवक-युवतियों द्वारा सड़क पर खतरनाक स्टंट करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इस तरह की गतिविधियों से बचें।