49 कबाड़ियों की जांच, 40 कबाड़ गोदाम सील
▪️ थाना मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरी वाहन जप्त, 18 व्यक्तियों पर कार्यवाही
▪️ अवैध कारोबार एवं चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी
बिलासपुर/पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में जिले भर में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित कबाड़ गोदामों एवं कारोबारियों की सघन जांच की गई।
कार्यवाही के दौरान कुल 49 कबाड़ियों की जांच की गई, जिनमें आवश्यक वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर 40 कबाड़ गोदामों को सील किया गया है। संबंधित कारोबारियों के दस्तावेजों का परीक्षण कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त थाना मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरी एक वाहन को जप्त किया गया है। वहीं 18 कबाड़ियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त अथवा बिना वैधानिक दस्तावेज के कारोबार करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।









