पाली ब्लॉक के ग्राम नागोई में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

Public problem resolution camp organized in village Nagoi of Pali block

123 आवेदनों का मोैके पर हुआ निराकरण

कोरबा 20 मई 2026/सुशासन तिहार के अंतर्गत पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत नगोई में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पाली-तानाखार क्षेत्र के विधायक श्री तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम उपस्थित रहे। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य श्री कौशल नेटी तथा जनपद पंचायत सदस्य श्री धर्मेन्द्र सिंह राज, श्री सत्यनारायण पैकरा और श्री उत्तम सिंह भी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती गणेश कुमारी ने की। शिविर में शामिल नगोई, सैला, नानपुलाली, केराझरिया, जेमरा, रतखण्डी, भंडारखोल, पुलालीकला, मुढाली और ढुकुपथरा ग्राम पंचायतों के सरपंच भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण शासन की मंशा के अनुरूप एक सरकार की पहल है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं से लाभान्वित करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं और योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ प्रदान करते हैं, जिससे समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित होता है।


शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभ प्रदान किए गए। जनपद पंचायत द्वारा 07 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए, 04 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया तथा 02 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र का वितरण किया गया। कृषि विभाग द्वारा शाकाम्भरी योजना के अंतर्गत ग्राम नगोई के श्री ईतवार सिंह एवं चंदन सिंह तथा ग्राम नवापारा के श्री बंधन सिंह एवं रितु सिंह को 3 एचपी पेट्रोल पंप वितरित किए गए। सहकारिता विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए गए। राजस्व विभाग द्वारा 01 हितग्राही को डिजिटल किसान किताब तथा 02 हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र की पर्ची प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
शिविर में कुल 577 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 123 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। इस शिविर क्लस्टर में नगोई, सैला, नानपुलाली, केराझरिया, जेमरा, रतखण्डी, भंडारखोल, पुलालीकला, मुढाली और ढुकुपथरा सहित कुल 11 ग्राम पंचायतें सम्मिलित थीं।