रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर 18 किलो गांजा के साथ ओडिशा के 3 तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई

Three Odisha smugglers arrested with 18 kg of ganja outside Raigarh railway station, major action under Operation Trauma

रायगढ़, 09 मई 2026/ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर से करीब 18 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जो ओडिशा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17.726 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 79 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली, साइबर थाना और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र स्थित शिव मंदिर के पास पीपल पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध बैग लेकर बैठे हुए हैं और उनके पास मादक पदार्थ मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सिद्धांत गोन्डा (28 वर्ष), कश्यप साहनी (45 वर्ष) और चंद्रिका साहनी (40 वर्ष) निवासी जिला कंधमाल, ओडिशा के रूप में बताई।

पुलिस द्वारा बैगों की तलाशी लेने पर एक बैग से 6.382 किलोग्राम, ट्रॉली बैग से 8.084 किलोग्राम और दूसरे बैग से 3.304 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 76 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। ट्रेन से रायगढ़ पहुंचने के बाद वे आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली रायगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, रेलवे सुरक्षा बल रायगढ़ के निरीक्षक कुलदीप कुमार, उप निरीक्षक डी.के. सिंह, उप निरीक्षक ए.के. देवांगन, एएसआई कोसो जगत सहित कोतवाली, साइबर और रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि रायगढ़ पुलिस ऑपरेशन आघात के तहत नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर लगातार कानूनी कार्रवाई कर रही है और ऐसे अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।