रायगढ़ 6 मई 2026/छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन द्वारा संचालित जनप्रतिनिधि जनसंपर्क अभियान के तहत रायगढ़ क्षेत्र में बिजली कर्मियों की प्रमुख समस्याओं एवं मांगों को लेकर प्रदेश सचिव रितेश नागेश ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान बिजली कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई। ज्ञापन में कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में उठे प्रमुख मुद्दे
पुरानी पेंशन योजना (OPS) को शीघ्र लागू करने की मांग
वेतन विसंगतियों का त्वरित निराकरण
कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था
रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती कर कार्यभार संतुलन
कर्मचारियों के लिए बेहतर चिकित्सा एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं
प्रदेश सचिव रितेश नागेश ने कहा कि बिजली कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विशेष रूप से पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों की सबसे बड़ी और भावनात्मक मांग है, जिस पर शासन को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की मांगों एवं समस्याओं को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा सकारात्मक समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
जनता यूनियन ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद एवं जनसंपर्क अभियान के माध्यम से कर्मचारियों की आवाज़ शासन तक मजबूती से पहुंच रही है और आने वाले समय में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।









