सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत पिपरिया में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में 538 आवेदन प्राप्त, 120 का हुआ त्वरित निराकरण

538 applications received in the public problem resolution camp organized in Pipariya under Good Governance Festival 2026, 120 were resolved immediately.


कोरबा, 06 मई 2026/ सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज ब्लॉक पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम पंचायत पिपरिया में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों के समक्ष अपनी समस्याएँ एवं मांगें प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का संचालन अनुभाग प्रमुख एवं एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा श्री मनोज बंजारे की उपस्थिति में किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती माधुरी देवी तंवर, अध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा उपस्थित रहीं। उनके साथ श्री प्रकाश चंद जाखड़, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा श्री वीरेंद्र श्याम, तहसीलदार तहसील पसान श्री जयप्रकाश डड़सेना, सीईओ जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा श्रीमती फूल कुंवर पावले एवं श्रीमती ममता पुहुप, जनपद सदस्य पोड़ी-उपरोड़ा समाजसेवी श्री बच्चन साय कोराम तथा ग्राम पंचायत पिपरिया की सरपंच श्रीमती अनिता मरावी सहित क्लस्टर के सभी 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में अतिथियों के कर-कमलों से खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड तथा कृषि विभाग द्वारा डीजल पंप का वितरण किया गया, जिससे हितग्राहियों में उत्साह और संतोष का वातावरण दिखाई दिया।
जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 538 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 529 मांग संबंधी और 9 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से 120 आवेदनों का विभागीय टीम द्वारा स्थल पर ही तत्काल निराकरण कर दिया गया। शेष 418 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जिन पर निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
सुशासन तिहार 2026 का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को सीधे लाभार्थियों तक पहुँचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पिपरिया में आयोजित यह शिविर अत्यंत सफल एवं जनहितकारी सिद्ध हुआ।