आईपीएल सट्टा के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों के लेन-देन का खुलासा

Major IPL betting racket busted, 5 accused arrested, transactions worth lakhs revealed

सक्ती, 3 मई 2026 /आईपीएल क्रिकेट मैचों पर अवैध सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का सक्ती पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अलग-अलग दिन और समय पर कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें सट्टा संचालन से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में आईपीएल सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में सक्ती थाना पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के आधार पर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।

मामले की शुरुआत 29 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई रेड कार्रवाई से हुई, जिसमें भुपेन्द्र राठौर को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन बेटिंग एप्स के जरिए आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा था। वह क्यूआर कोड जनरेट कर व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराता था, जिससे सट्टा नेटवर्क संचालित होता था।

प्रारंभिक डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क की परत-दर-परत जांच की और अन्य आरोपियों की पहचान की। योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चंद्रेशकुमार राठौर, मुकेश अग्रवाल, पिंटू जायसवाल और संजय केंवट को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट एप्स जैसे PhonePe के माध्यम से सट्टा रकम का लेन-देन करते थे। पिंटू जायसवाल और संजय केंवट ने अपने बैंक खातों और मोबाइल एप्स का इस्तेमाल सट्टा रकम के ट्रांजेक्शन के लिए करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एक बड़े और संगठित सट्टा गिरोह के खिलाफ की गई है। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और पूरे सट्टा नेटवर्क के चैन को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई लगातार जारी है।

सक्ती पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध सट्टा गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।