कट्टा लेकर दोस्त की पत्नी को धमकाने पहुंचा आरोपी गिरफ्तार, 5 जिंदा कारतूस बरामद

The accused, who came to threaten his friend's wife with a pistol, was arrested and 5 live cartridges were recovered.

कोरबा,26 अप्रैल 2026। पुलिस सहायता केंद्र जटगा, थाना कटघोरा क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रार्थिया की शिकायत पर आरोपी राकेश दुबे (43 वर्ष), पिता स्वर्गीय देवी शरण, मूल निवासी हुसैन, थाना मुस्करा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवास बांधापारा, जटगा के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और 5 नग जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब 20 वर्षों से जटगा में रह रहा है और उसने स्थानीय युवती से विवाह भी किया है। बताया जा रहा है कि प्रार्थिया के पति से आरोपी की पुरानी मित्रता है। पति-पत्नी के बीच विवाद होने और बातचीत बंद होने की जानकारी पति ने आरोपी को दी थी। इसी बात को लेकर आरोपी आवेश में आ गया और दोस्ती निभाने के नाम पर महिला को डराने-धमकाने के लिए कट्टा लेकर उसके घर पहुंच गया और घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 331(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।