तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, आग लगने से जलकर खाक — पांच लोग घायल, बड़ा हादसा टला…

A speeding Bolero collided with a tree and was destroyed by fire – five people injured, a major accident averted…

पेंड्रा,21 अप्रैल 2026 जिले के मरवाही-मटियाडाढ़ मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बोलेरो जलकर खाक हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। हादसे के तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी, लेकिन सभी यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, इस दौरान उन्हें चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के तुरंत बाद वाहन से धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी ज्यादा मदद नहीं कर सके।

घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। आग बुझाने के लिए नगर पालिका पेंड्रा के दमकल कर्मियों — सुशील श्रीवास्तव एवं सोहन कुमार कोल — ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि वाहन विशेषरा गांव निवासी मुरारी गुप्ता का था। वे अपने परिवार के साथ कोतमा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। वाहन में साक्षी गुप्ता, इंदु गुप्ता और पार्वती गुप्ता सहित कुल पांच लोग सवार थे।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में वाहन का नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।