मनेंद्रगढ़ 15 अप्रैल 2026 (इंडिया टुडे लाइव) भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती (जन्मदिवस) के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मनेंद्रगढ़ के कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा साहेब का जन्मदिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके द्वारा समाज के लिए किए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया।
कार्यकर्ताओं ने इस दिन को केवल एक औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रेरणा दिवस के रूप में मनाते हुए बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन में सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की स्थापना के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

इस अवसर पर नगर सह मंत्री महेश कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जन्मदिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि हमें एक सशक्त, समतामूलक और विकसित भारत का निर्माण करना है, तो हमें डॉ. अंबेडकर के विचारों और उनके बताए मार्ग पर चलना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित राष्ट्र वही होता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, समान अधिकार और सम्मान प्राप्त हो, तथा समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता और राष्ट्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर महाविद्यालय प्रमुख राजबली सिंह, समय लाल, रामनरेश, राघव प्रताप, शिवरतन, इंद्रपाल सिंह, मार्टिन कुजूर, विजय सिंह, रवि सोनवानी, सुरेश सिंह, गोपाल सिंह, सुरेश, सुनील सिंह, रामानुज, जगदेव सिंह, राजकुमार एवं भारत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









