रायपुर 14 अप्रैल 2026। राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि गोबरा नवापारा क्षेत्र में सोमवार देर रात रेत से भरे हाइवा और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद केबिन में फंसे लोगों को जेसीबी की मदद से केबिन को तोड़कर बाहर निकाला गया। इस घटना पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र के पिपरौद-बजरंगपुर मार्ग पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास घटित हुआ। बताया जा रहा है कि सोमवार की देर रात रेत से लदी हाइवा तेज रफ्तार में सामने से आ रहे खाली ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को बाहर निकालना आसान नहीं था। क्योंकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







