जांजगीर-चांपा,20 मार्च 2026 कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बलौदा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का मैराथन दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जर्वे ब, जावलपुर, महुदा ब, ढोरला और करमंदा गांवों में चल रहे निर्माण एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे
कलेक्टर ने जर्वे ब में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उचित मूल्य दुकान को निर्धारित समय पर खोलने, स्टॉक रजिस्टर संधारित करने तथा वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। निर्माणाधीन पीडीएस भवन और सीसी रोड का निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने तथा समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण की प्रगति का भी जायजा लिया।
जावलपुर में महतारी सदन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु रोजगारमूलक गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान चलाने और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण को बढ़ावा देते हुए सोखता गड्ढों के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया।

महुदा ब में कलेक्टर ने शासकीय स्कूल का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, मिड-डे मील और आधारभूत सुविधाओं की जांच की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा शिक्षकों को पाठ्यक्रम समय पर पूरा करने और बच्चों की बुनियादी समझ मजबूत करने के निर्देश दिए। लाइब्रेरी और प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पुस्तकों को व्यवस्थित रखने और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराने को कहा







