ठंडा भजिया बना दोस्त की हत्या की वजह, साथी की हत्या करने वाला आरोपी सनी साहू गिरफ्तार

Thanda Bhajiya became the reason for the murder of a friend, Sunny Sahu, the accused of killing the friend, has been arrested.

रायपुर,24 दिसंबर 2025। राजधानी रायपुर के थाना खम्हारडीह क्षेत्र अंतर्गत कचना स्थित साहू दूध डेयरी में काम करने वाले युवक की उसके ही साथी ने मामूली विवाद में लोहे की रॉड से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड जब्त कर ली है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहू दूध डेयरी में सनी साहू और दुर्गेश सतनामी एक साथ काम करते थे और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। दुर्गेश सतनामी डेयरी परिसर में ही रहता था। 23-24 दिसंबर की दरम्यानी रात दोनों ने पहले से शराब का सेवन कर रखा था और इसके बाद डेयरी में बैठकर दोबारा शराब पी रहे थे। इसी दौरान दुर्गेश सतनामी खाने के लिए भजिया लेकर आया, जो ठंडा हो चुका था।

ठंडा भजिया लाने की बात को लेकर सनी साहू और दुर्गेश सतनामी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे की हालत में सनी साहू ने पास में रखी लोहे की रॉड उठाकर दुर्गेश सतनामी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद आरोपी सनी साहू स्वयं घायल दुर्गेश सतनामी को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दुर्गेश सतनामी पिता मोहन सतनामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है।

मामले में थाना खम्हारडीह पुलिस ने अपराध क्रमांक 405/25 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खम्हारडीह पुलिस एवं एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने किए पर बेहद दुखी था और अस्पताल में मृतक के शव के पास बैठकर लगातार विलाप करता रहा। आरोपी ने पूछताछ में ठंडा भजिया लाने की बात को लेकर हुए विवाद में हत्या करना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपी सनी साहू पिता राजेश साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुर्गा चौक, शनि मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह, रायपुर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।