जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कोतवाली पुलिस ने बढ़ाया साइबर जागरूकता का संदेश, नागरिकों का किया सम्मान

In the presence of public representatives, Kotwali police spread the message of cyber awareness and honored the citizens.

रायगढ़, 8 अक्टूबर 2025। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर आज दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को पुलिस सामुदायिक भवन रायगढ़ में कोतवाली पुलिस द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक के साथ साइबर जागरूकता एवं नागरिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल तथा उप निरीक्षक ऐनु देवांगन मंचासीन रहे।

नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लोगों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सतत कार्यरत है। अवैध शराब व नशे के कारोबार पर सख्ती की बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों और अवैध रूप से नशे का व्यापार करने वालों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी और कुछ प्रमुख बिंदु साझा किए जिनसे साइबर फ्रॉड से बचाव संभव है —

  • अनजान नंबरों या लिंक पर क्लिक न करें।
  • किसी को भी ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
  • संदिग्ध कॉल या लिंक मिलने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
  • सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखें।
  • ऑनलाइन खरीदारी केवल विश्वसनीय वेबसाइट से करें।
  • सोशल मीडिया या व्हाट्सएप ग्रुप पर शेयर मार्केट या क्रिप्टो से तेजी से मुनाफा कमाने के झांसे में न आएं।

नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने शहर के साथ-साथ आउटर इलाकों में भी पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का आग्रह किया, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने सहमति व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सम्मानीय वार्ड पार्षद तथा जनप्रतिनिधि, वार्डवासी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।