महासमुंद 25 मई 2025। महासमुंद जिला भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गयी। यहां नेशनल हाईवे-53 मार्ग पर तेज रफ्तार कार खड़ी हाईवा से टकरा गयी। इस भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गये। वहीं कार में सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि कांकेर में एसबीआई बैंक में पदस्थ बैंक मैनेजर अपने पूरे परिवार के साथ बोकारो से रायपुर आ रहे थे। तभी ये बीच रास्ते में ये भीषण हादसा हो गया। हादसे में बैंक मैनेजर के माता-पिता की जहां मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं उनकी पत्नी और बेटे समेत खुद बैक मैनेजर बुरी तरह से जख्मी हुए है।
जानकारी के मुताबिक ये भीषण हादसा महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे-53 पर घटित हुई। बताया जा रहा है कि कांकेर नरहरपुर के भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर चंदन अभिषेक अपने परिवार के साथ झारखंड बोकारो से रायपुर जा रहे थे। शनिवार की देर रात करीब डेढ़ बजे के लगभग कार चलाने के दौरान अचानक ड्राइवर ईश्वर ध्रुव को झपकी आ गई। जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़ी हाईवा से टकरा गई। इस भीषण हादसे में हाईवा से कार के टकराने के बाद कार के परखच्चे उड़ गये।
वहीं कार में सवार बैंक मैनेजर के पिता अवध किशोर पांडेय, माता चित्रलेखा पांडेय और ड्राइवर ईश्वर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। बैंक मैनेजर चंदन, उनकी पत्नी खुशबू और 6 वर्षीय बेटा ध्रुव अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने मृतकों के शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए तुमगांव उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। इस भीषण हादसे में पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।