बिलासपुर, 01 मई 2026। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने युवती से जान-पहचान बढ़ाकर उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 30 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि आरोपी रोशन कुमार उर्फ नानू लहरे (उम्र 20 वर्ष), निवासी सम्बलपुरी, थाना बिल्हा, ने 18 अगस्त 2025 से शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 351(3), 64(1), 64(2) (एम) और 69 के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर उनके मार्गदर्शन में टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 1 मई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।









