कोर्ट से तलाक मिलते ही महिला की बेरहमी से हत्या, पति पर घूमी शक की सुई…

Woman brutally murdered after court grants divorce, needle of suspicion turns on husband

नागपुर,27 जून : महाराष्ट्र के नागपुर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां तलाक के अगले दिन एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना से आसपास इलाके सनसनी फैल गई. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है. मामले में मृतका के पति पर संदेह है, जो घटना के बाद से फरार है.

यह वारदात नागपुर शहर के कामठी इलाके की है. मृतका की पहचान पुलगांव पाचखेड की रहने वाली 40 वर्षीय मंजू राजकुमार पारसे के रूप में हुई है. यह घटना जूनी कामठी थाना क्षेत्र के हिरणवार गली स्थित शुक्रवार बाजार दरोगा मस्जिद के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पर धारदार हथियार से कई वार किए गए. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घटना की जानकारी आनन-फानन में पुलिस को दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका और उसके पति राजकुमार पारसे के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था.

आरोपी पति शराब का आदी था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. घटना से महज एक दिन पहले ही दोनों का कोर्ट से तलाक हुआ था. पुलिस को आशंका है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. घटना के बाद से आरोपी पति फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए जुनी कामठी पुलिस ने टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर विजय दिघे का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.