फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख की उगाही करने वाली युवती गिरफ्तार

Woman arrested for extorting Rs 2 lakh by threatening to make photos and videos viral

बिलासपुर। साथ में खींची गई तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये की अवैध उगाही (ब्लैकमेलिंग) करने वाली युवती को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खपरगंज कल्लू बाड़ा निवासी प्रार्थी सूर्या सोनी (28 वर्ष) ने 18 नवंबर को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि लोफंदी (थाना कोनी) निवासी प्राची कश्यप (20 वर्ष) पूर्व में उसकी दुकान में काम करती थी। काम छोड़ने के बाद दोनों के बीच फोन और चैटिंग के माध्यम से बातचीत होने लगी।

आरोप है कि युवती ने साथ में खींची गई तस्वीरों और वीडियो को वायरल कर सामाजिक रूप से बदनाम करने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी। लोकलाज के डर से प्रार्थी ने युवती को ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 2,00,000 रुपये दे दिए। इसके बावजूद युवती द्वारा बार-बार फोन कर वीडियो वायरल करने और पैसे नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी दी जा रही थी।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 692/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 296 और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश तथा एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल व सीएसपी गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राची कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।