सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत “ऑपरेशन शांति” के अंतर्गत 52 गिरफ्तारी वारंटी, 33 स्थायी वारंटी सहित कुल 85 वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही

Under the campaign “Sajjag Korba, Vigilant Korba”, legal action was taken against a total of 85 warrants including 52 arrest warrants and 33 permanent warrants under “Operation Shanti”.

वार्ड क्रमांक 11 के नागरिकों की शिकायत पर 02 व्यक्तियों के विरुद्ध 170 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही

जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस के द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत “ऑपरेशन शांति”चलाकर स्थायी वारंट एवं गिरफ्तारी वारंट की तामिली हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया।

कोरबा 15 मार्च 2026/पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु कड़े निर्देश दिए गए थे।

निर्देशों के पालन में जिलेभर में विशेष दबिश अभियान चलाया गया। दिनांक 15.03.2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्यवाही के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे 52 गिरफ्तारी वारंटी, जिनमें 33 स्थायी वारंटी शामिल हैं, को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न प्रकरणों में कुल 85 वारंटियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे।

इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 11 के नागरिकों के द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत पर कोरबा पुलिस के द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए सोमू तिवारी एवं छोटका प्रजापति के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई।

कोरबा पुलिस द्वारा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्यवाही की जा रही है तथा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि होली पर्व शांतिपूर्ण एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्य की सूचना तत्काल नजदीकी थाना/चौकी अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों एवं वारंटियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।