बिलासपुर पुलिस ने दो बहनों को गांजा तस्करी करते किया गिरफ्तार, 15.78 लाख की संपत्ति जब्त

Two women involved in drug trafficking were arrested by ACCU and Sarkanda police station.

बिलासपुर 12 अप्रैल 2026/ नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सगी बहनें हैं, जो नाम बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध गांजा बिक्री का काम कर रही थीं। 

बिलासपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि पाटलीपुत्र नगर, राजकिशोर नगर सरकंडा क्षेत्र में दो महिलाएं गांजा बिक्री कर रही हैं। सूचना पर एसीसीयू एवं थाना सरकंडा की संयुक्त टीम द्वारा रेड कार्यवाही की गई, जहां दोनों आरोपी महिलाएं कार एवं स्कूटी में मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री करते हुए पाई गईं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अलग-अलग पैकेट में कुल 06 किलो गांजा, नगदी ₹5,98,030/-, 02 घड़ी, 02 मोबाइल, 02 स्कूटी एवं 01 कार सहित कुल जुमला ₹15,78,030/- जप्त किया गया तथा दोनों आरोपी महिलाओं को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी, सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव निवासी जयराम नगर मस्तूरी, द्वारा बताया गया कि उपयोग की जा रही कार उसके परिचित की है, जिसे वह अपने पास रखी हुई थी। दोनों आरोपी बहनों द्वारा गांजा बिक्री से प्राप्त रकम से स्कूटी क्रय कर परिवहन एवं बिक्री में उपयोग किया जा रहा था। दोनों के विरुद्ध पूर्व में भी मादक पदार्थ से संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड पाया गया है। दोनों आरोपीयों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।