रायपुर, 14 मई 2026।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उपभोक्ताओं के लिये बिजली बचत का सहारा बन रही है। इस योजना से संयुक्त परिवार को भी मिली बड़ी राहत मिल रही है।
रायपुर के डीडी नगर निवासी अजय देवांगन ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर के छत पर पांच-पांच किलोवाट क्षमता के दो सोलर संयंत्र स्थापित किए हैं। कुल 10 किलोवाट क्षमता वाले इन सोलर संयंत्रों के लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल काफी कम हो गया है।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप राज्य में संचालित इस योजना का लाभ अब आम उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है।
अजय देवांगन का तीन भाइयों का संयुक्त परिवार एक साथ रहता है। घर में कुल 13 कमरे हैं, जहां नियमित रूप से एसी सहित अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग होता है। पहले अधिक बिजली खपत के कारण बिजली बिल भी ज्यादा आता था, लेकिन अब दिनभर सोलर पैनलों से बिजली उत्पादन होने के कारण बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है।
उन्होंने बताया कि सोलर संयंत्र लगने के बाद दो महीने तक उनका बिजली बिल शून्य भी आया। संयुक्त परिवार होने के कारण घर का विद्युत लोड अधिक रहता है, फिर भी अब बिजली बिल पहले की तुलना में काफी कम हो गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ने उनके परिवार को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए भी प्रेरित किया है।
सरकार द्वारा इस योजना में दोहरी सब्सिडी भी दी जा रही है। सोलर संयंत्र की स्थापना पर केंद्र सरकार से 78 हजार रुपए तथा छत्तीसगढ़ सरकार से 15 हजार रुपए का अनुदान दिया जा रहा है।









