कोरबा 14 जनवरी 2026। कोरबा जिले में आज तड़के एक भीषण हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि दोनों शख्स बिलासपुर से कार में सवार होकर विश्रामपुर तातापानी महोत्सव में शामिल होने रवाना हुए थे। लेकिन बीच रास्त में ही तेज रफ्तार कार मदनपुर के पास अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार के नीचे गिरते ही उसमें आग लग गई। जिससे कार सवार दोनों लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गयी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सड़क दुर्घटना का ये मामला मोरगा चैकी क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि 42 वर्षीय गोपाल चंद्र डे और 36 वर्षीय अरुण सेन बिलासपुर के तोरवा थानांतर्गत देवरीखुर्द निवासी है। दोनों शख्स मंगलवार की शाम बिलासपुर से विश्रामपुर स्थित तातापानी महोत्सव में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान आज तड़के मदनपुर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गयी। इस भीषण हादसे के तुरंत बाद ही कार में आग लग गयी।
जिससे हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्ति अंदर ही फंस गये और जिंदा जलकर दोनों की मौत हो गयी। उधर इस घटना की जानकारी मिलते ही बांगो और मोरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। मोरगा पुलिस ने इस भीषण हादसे पर मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।







