फर्जी पुलिस बनकर वृद्धा से सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चंद घंटों में रायगढ़ पुलिस ने किया खुलासा

Two accused arrested for snatching gold chain from an old woman posing as police, Raigarh police solved the case within a few hours

रायगढ़,07 मार्च 2026। शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक वृद्ध महिला से सोने की माला झपटने की घटना का रायगढ़ पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी सहित लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए मां मंगला कंपनी की बस से निकले थे। दोनों सिग्नल चौक के पास उतरकर पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 में सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी हादसे की जांच के नाम पर आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा। इसी दौरान एक आरोपी ने वृद्धा के गले में पहनी सोने की माला झपट ली और दोनों स्कूटी से मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में स्कूटी सवार दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल पुलिस टीम के साथ इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध स्कूटी की पहचान की। फुटेज पीड़िता और उसकी पोती को दिखाए गए, जिसमें आरोपियों की पहचान हो गई।

इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही चमार सिंह यादव और रामकुमार नायक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उनके कब्जे से 14 नग सोने की फोकली, एक सोने का पदक और काले मोती लगी हुई सोने की माला बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों में चमार सिंह यादव (55 वर्ष) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ और रामकुमार नायक (40 वर्ष) निवासी मधुवन पारा, सिटी कोतवाली रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू, आरक्षक अभय यादव, शैलेंद्र पर और शांति मिली सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाया जा रहा है। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी