शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जेसीबी और मोटरसाइकिल जब्त

Two accused arrested for obstructing government work and assault, JCB and motorcycle seized

जांजगीर-चांपा,17 फरवरी 2026। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक जेसीबी मशीन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार शिवरीनारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम दुरपा स्थित लंकेटर तालाब में जेसीबी के माध्यम से अवैध खुदाई कर कबीर इंटरप्राइजेस की भूमि पर मिट्टी पटाई की जा रही थी। सूचना मिलने पर ग्राम कोटवार से जांच कराई गई और खुदाई का कार्य रुकवाया गया। इसके बाद जेसीबी को थाना लाया जा रहा था।

इसी दौरान जेसीबी चालक और मालिक ने शासकीय कार्रवाई का विरोध करते हुए अश्लील गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली। शिकायत के आधार पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 64/2026 दर्ज कर धारा 296, 221, 121(1), 132 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम धर्मेन्द्र कुमार कश्यप (42 वर्ष) और सुरेन्द्र कुमार कश्यप (36 वर्ष) निवासी ग्राम कुरियारी, थाना शिवरीनारायण हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जेसीबी क्रमांक CG 11 BP 7486 और पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BR 5538 को जब्त किया है। पूरी कार्रवाई थाना शिवरीनारायण प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने कहा है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।