बस्तर, 08 अगस्त 2026। नगरनार थाना क्षेत्र में नकली सोने का हार असली बताकर ग्रामीण से 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने करीब पांच लाख रुपये कीमत का सोने का हार बताकर ग्रामीण को झांसे में लिया था।
मंगनपुर निवासी लिंगेश्वर सेठिया ने 7 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 6 अगस्त की सुबह दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे। एक आरोपी ने खुद को मोहन लाल निवासी भिलाई-दुर्ग बताते हुए पैसों की जरूरत बताई और करीब पांच लाख रुपये का सोने का हार दिखाया। उसने तत्काल 10 हजार रुपये देने की मांग की। ग्रामीण ने 10 हजार रुपये देकर हार रख लिया। बाद में सोनार से जांच कराने पर हार पीतल मिश्रित नकली निकला।
शिकायत के बाद नगरनार पुलिस ने अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत BNS की धारा 318(4), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मोहन लाल सोलंकी निवासी चरौदा, दुर्ग और मोहन राय निवासी भाटापारा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4,950 रुपये नकद, तीन नकली सोने की मालाएं, जिनका कुल वजन 342.190 ग्राम है, और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की वारदात स्वीकार की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी, PSI दीपक सिंह ठाकुर, ASI दिनेश ठाकुर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







