बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत, चालक फरार

Tragic road accident in Bilaspur: Three youths riding a bike died after colliding with a truck, driver absconding

जूनापारा इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जूनापारा पुलिस चौकी के पास पहुंची, उसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद ट्रक बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और तीन युवकों को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल जूनापारा चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और संभावित परिजनों से संपर्क कर पहचान की कोशिश कर रही है।

उधर, हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम मुख्य मार्गों के अलावा आसपास के ढाबों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रक और चालक का सुराग मिल सके।