धरमजयगढ़ में दर्दनाक हादसा: 60-70 फीट नीचे सरिया नाला में जा गिरा तेज रफ्तार ट्रक, केबिन में फंसे ड्राइवर की मौत

Tragic accident in Dharamjaigarh: A speeding truck plunged 60-70 feet into a Sariya drain, killing the driver trapped in the cabin.

रायगढ़, 13 सितम्बर 2026  रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सरिया नाला के पास पुल से करीब 60 से 70 फीट नीचे पानी में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पूरी तरह पानी में डूब गया और चालक केबिन के अंदर फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नगर सेना की टीम व गोताखोरों को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सरिया नाला के पास पहुंचने पर चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक पुल के ऊपर से नीचे नाले में जा गिरा। ऊंचाई से गिरने के बाद ट्रक पानी में डूब गया, जिसके कारण चालक का तत्काल पता नहीं चल सका। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर सेना की टीम को सूचना दी। इसके बाद नगर सेना के जवान और गोताखोर मौके पर पहुंचे और पानी में डूबे ट्रक की तलाश शुरू की। रेस्क्यू टीम ने हाईड्रा वाहन की मदद से ट्रक को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाला जा सका।

ट्रक बाहर निकलने के बाद जब पुलिस और रेस्क्यू टीम ने चालक के केबिन की जांच की तो चालक का शव अंदर फंसा हुआ मिला। हादसे में केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण शव को बाहर निकालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू टीम ने केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। इस पूरी कार्रवाई में करीब एक घंटे का समय लगा।

नगर सेना के जवान संग्राम सिदार के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। ट्रक पानी में डूबा हुआ था और चालक के केबिन में फंसे होने की आशंका थी। हाईड्रा की मदद से ट्रक को बाहर निकालने के बाद केबिन काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया।

फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।