कोरबा, 13 जुलाई 2026। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कोरबा यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट, ट्रिपल सवारी, नो पार्किंग में खड़े भारी वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 5 लाख 38 हजार 400 रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूल किया गया।
इस विशेष अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, सीएसपी चतुर्वेदी, डीएसपी डी.के. सिंह, एएसआई ईश्वरी लहरे, प्रधान आरक्षक संतोष, मनोज राठौर एवं यातायात पुलिस के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में किया गया।
इस विशेष अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, सीएसपी चतुर्वेदी, डीएसपी डी.के. सिंह, एएसआई ईश्वरी लहरे, प्रधान आरक्षक संतोष, मनोज राठौर एवं यातायात पुलिस के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में किया गया।
यातायात पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले वाहनों पर विशेष कार्रवाई करते हुए 88 मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। न्यायालयीन कार्रवाई के तहत इन वाहनों से कुल 5 लाख 38 हजार 400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस तरह के संशोधित साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इसके अलावा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 47 मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई की। इन मामलों में वाहन मालिकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए लगभग 93 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया गया।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ट्रिपल सवारी करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 मोटरसाइकिल चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वहीं शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर नो पार्किंग अभियान भी लगातार जारी है। सर्वमंगला चौक, भवानी मंदिर चौक, ध्यानचंद चौक, जोड़ापुल और राताखार मार्ग सहित अन्य स्थानों पर सड़क किनारे खड़े ट्रक एवं ट्रेलरों के खिलाफ लॉक लगाने और चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 792 ट्रक एवं ट्रेलरों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख 37 हजार 600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, ट्रिपल सवारी से बचें तथा नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।







