भैंसामुंडा जंगल में बाघ का शिकार, नाखून-दांत गायब, वन विभाग पर उठे गंभीर सवाल

Tiger hunted in Bhainsamunda forest, nails and teeth missing, serious questions raised on Forest Department

सूरजपुर,15 दिसंबर2025। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। जिले के भैंसामुंडा जंगल क्षेत्र में एक बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि बाघ का शिकार किया गया है, क्योंकि उसके शरीर से नाखून और दांत निकाल लिए गए हैं। घटनास्थल के पास से एक हथियार भी बरामद हुआ है, जिससे शिकार की पुष्टि और मजबूत होती नजर आ रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही जिले के डीएफओ सहित आसपास के रेंज के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी ले रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाघ का शिकार किन परिस्थितियों में किया गया। हालांकि, वन विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले पर फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।

ताजा मामले में जानकारी सामने आई है कि गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान और कोरिया वनमंडल की सीमा पर मृत मिले बाघ के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने बाघ का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों से बातचीत में यह भी खुलासा हुआ कि बाघ 5 नवंबर से ही नदी किनारे मृत अवस्था में पड़ा था, लेकिन पहली नजर में वह सोया हुआ प्रतीत हो रहा था, जिससे किसी को तत्काल शक नहीं हुआ।

फिलहाल, बाघ के शिकार की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वन विभाग की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं कि आखिर इस दुर्लभ वन्यजीव का शिकार किसने और कैसे किया, और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।