मरवाही में तीन हाथियों की दस्तक, मकानों और फसलों को नुकसान; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

Three elephants invade Marwahi, damaging houses and crops; Forest Department issues alert

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन क्षेत्र में तीन जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। हाथियों ने दो गांवों में मकानों और फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है।

मरवाही वन मंडल में तीन हाथियों का दल लगातार भ्रमण कर रहा है। हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके।

वन विभाग के मुताबिक, हाथियों का दल फिलहाल मरवाही वन परिक्षेत्र के सिवनी परिसर की घुसरिया बीट (कक्ष क्रमांक-2051) में मौजूद है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों की गतिविधि सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में वनकर्मियों की तैनाती की गई है।

हाथियों के विचरण के दौरान चिचगोहना गांव में तीन मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं घुसरिया और चिचगोहना के करीब 15 किसानों की फसलें भी हाथियों ने रौंद दी हैं। वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आकलन कर रही है, ताकि नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह दल मध्यप्रदेश की सीमा से मरवाही वन क्षेत्र में प्रवेश किया है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह दल सिवनी, मरवाही, सचराटोला और पंडरी क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए इन इलाकों में भी वन अमले को अलर्ट पर रखा गया है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के नजदीक जाने का प्रयास न करें, अकेले जंगल की ओर न जाएं और हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। साथ ही गांवों में मुनादी और जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है।