पितृपक्ष में गया के लिए चलेगी ये स्पेशल ट्रेन, जल्दी करवाएं रिजर्वेशन…

पश्चिम मध्य रेल पितृपक्ष में गया के लिए विशेष रेलगाड़ी चलाएगा। यह गाड़ियां भोपाल और जबलपुर से गया के मध्य संचालित होंगी। रानी कमलापति से विशेष गाड़ी (01667) का 16, 21, 26 सितंबर व एक अक्टूबर को संचालन होगा। यह दोपहर 1:20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी 01668 गया (19, 24, 29 सितंबर) से दोपहर 3 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 11:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। यह गाड़ी बीना, कटनी, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय देहरी आन सोन होकर चलेगी।

जबलपुर-गया विशेष गाड़ी (01701) 18, 23 और 28 सितंबर को चलेगी। यह जबलपुर शाम 7:35 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8:30 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी (01702) का संचालन 17, 22, 27 सितंबर व दो अक्टूबर को गया से दोपहर 3:10 बजे होगा। दोनों गाड़ियों के लिए आज से रेल टिकट आरक्षण आरंभ कर दिया जाएगा। विशेष गाड़ी में वातानुकूलित, शयनयान व सामान्य श्रेणी के डिब्बे रहेंगे।

जबलपुर-गोंदिया होकर चलेगी धनबाद-कोयंबटूर विशेष गाड़ी

इस महीने से जबलपुर से नैनपुर-गोंदिया-बल्लारशाह होकर दक्षिण भारत के लिए एक और रेलगाड़ी आरंभ हो रही है। रेलवे ने धनबाद-कोयंबटूर के मध्य विशेष गाड़ी चलाने का निर्णय किया है। आरंभिक रुप से गाड़ी को तीन के परिचालन की स्वीकृति दी गई है। गाड़ी (03325) धनबाद से चार सितंबर से एक जनवरी, 2025 के मध्य प्रत्येक बुधवार को कोयंबटूर के लिए चलेगी। वापसी में गाड़ी (03326) कोयंबटूर से सात सितंबर से चार जनवरी, 2025 के मध्य प्रत्येक शनिवार को धनबाद के लिए संचालित होगी।

कोयंबटूर के लिए यह गाड़ी जबलपुर से रात 12:50 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी का गया, डेहरी आन सोन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज छिवकी, विजयवाड़ा, पेरंबूर (चेन्नई) सहित अन्य स्टेशनों में ठहराव रहेगा। यह गाड़ी दहशरा, दीपावली, छठ पूजा जैसे त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही है। जबलपुर से दक्षिण भारत और उत्तर भारत की यात्रा के लिए नया विकल्प मिलेगा।