कोरबा-बांकीमोंगरा को जोड़ने वाला वर्षों पुराना पुल बारिश की भेंट चढ़ा, आवागमन पूरी तरह बाधित

The years old bridge connecting Korba-Bankimongra fell prey to rain, traffic completely disrupted

कोरबा,04 सितम्बर 2025। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते चाकाबुड़ा को बांकीमोंगरा से जोड़ने वाला वर्षों पुराना पुल आज दोपहर लगभग 3 बजे ढह गया। पुल का एक करीब 10 मीटर लंबा स्लैब अचानक भरभराकर पानी में बह गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है।पुल ढहने की इस घटना से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर शासकीय हाईस्कूल देवरी में पढ़ने वाले चाकाबुड़ा, बुंदेली और कसाईपाली के छात्र-छात्राओं को स्कूल से घर लौटने के लिए वैकल्पिक रास्ते से ढेलवाडीह, सिंघाली और जवाली होते हुए.

14 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ा।इस घटना से न केवल राहगीरों को बल्कि निजी उद्योगों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब इन कर्मचारियों को अपने कार्यस्थलों तक पहुँचने के लिए लंबा और कठिन वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय की बर्बादी हो रही है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल कई वर्षों से जर्जर स्थिति में था, जिसकी मरम्मत की मांग बार-बार उठाई जा रही थी, लेकिन प्रशासन की अनदेखी के चलते आज यह दुर्घटना घट गई।ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था और पुल के पुनर्निर्माण की मांग की है ताकि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।